राजस्थान पुलिस का एक और नवाचार
जयपुर न्यूज ( बी एल सरोज ) :- राजस्थान पुलिस का तकनीकी नवाचार: राजकॉप सिटीजन मोबाइल ऐप पर 'ई-विजिटर' (Hotel Log-In) सुविधा का शुभारंभ*
° होटल, धर्मशालाओं व व्यावसायिक आवासीय प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले आगंतुकों का विवरण अब मोबाइल ऐप से दर्ज करना हुआ आसान
° स्टेट क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो द्वारा शुरू की गई सुविधा से छोटे होटल व धर्मशाला संचालकों को मिलेगी बड़ी राहत; पुलिसिंग होगी अधिक पारदर्शी व प्रभावी
जयपुर 4 सितम्बर। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस द्वारा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनसुविधाजनक बनाने के लिए किए जा रहे तकनीकी नवाचारों की कड़ी में स्टेट क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (एससीआरबी) द्वारा राजकॉप सिटीजन मोबाइल ऐप पर ‘ई-विजिटर’ सुविधा शुरू की गई है। इस सुविधा के माध्यम से अब होटल, धर्मशाला एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले आगंतुकों का विवरण मोबाइल फोन से ही आसानी से दर्ज किया जा सकेगा।
गृह विभाग, राजस्थान सरकार के 6 अप्रैल 2026 के परिपत्र की पालना में होटल, धर्मशाला एवं अन्य ऐसे आवासीय प्रतिष्ठानों, जिनका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है, में ठहरने वाले आगंतुकों का विवरण ‘ई-विजिटर पोर्टल’ के माध्यम से दर्ज किया जाता था। विशेष रूप से छोटे होटल एवं धर्मशालाओं में कंप्यूटर और अन्य संसाधनों की सीमित उपलब्धता के कारण ऑनलाइन विवरण दर्ज करने में आने वाली कठिनाइयों को देखते हुए अब यह सुविधा मोबाइल आधारित कर दी गई है।
*एसएसओ आईडी से मोबाइल पर लॉग-इन*
ई-विजिटर सुविधा का उपयोग करने के लिए अधिकृत संचालक, मैनेजर या ऑपरेटर अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से राजकॉप सिटीजन मोबाइल ऐप में लॉग-इन कर सकेंगे। इसके बाद ई-विजिटर सुविधा के जरिए आगंतुकों का विवरण सीधे मोबाइल से दर्ज किया जा सकेगा।
*ये जानकारियां दर्ज की जा सकेंगी*
ई-विजिटर सुविधा के माध्यम से होटल एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों द्वारा आगंतुक से संबंधित प्रमुख जैसे कमरा नंबर एवं चेक-इन की तारीख, आगमन एवं गंतव्य स्थान, यात्रा/विजिट का कारण, आगंतुक का नाम एवं मोबाइल नंबर, लिंग एवं पता, पहचान-पत्र का विवरण एवं उसकी प्रति अपलोड, होटल से प्रस्थान के समय का विवरण शामिल हैं; दर्ज किए जा सकेंगे।
*अपराध रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था में मिलेगी तकनीकी मदद*
मोबाइल आधारित ई-विजिटर सुविधा से आगंतुकों के आवास संबंधी विवरण को सरल, सुगम और डिजिटल तरीके से दर्ज किया जा सकेगा। इससे होटल, धर्मशाला एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों के संचालकों को ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज करने में सुविधा मिलेगी।
साथ ही, डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होने से पुलिस को आवश्यकता के अनुसार आगंतुकों से संबंधित सूचना प्राप्त करने में भी सहायता मिलेगी। इससे अपराध की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में तकनीकी सहयोग प्राप्त होगा।
एक टिप्पणी भेजें