असामाजिक तत्वों ने स्कूल को बनाया निशाना
सीमारला जागीर में असामाजिक तत्वों का आतंक, संस्कृत विद्यालय में की तोड़फोड़
विद्यालय परिसर में बने शौचालयों को किया क्षतिग्रस्त, प्रधानाचार्य ने किया निरीक्षण
रींगस। निकटवर्ती गांव सीमारला जागीर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने विद्यालय परिसर में बने शौचालयों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन में भी नाराजगी है। घटना की जानकारी मिलने पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमावत ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर क्षतिग्रस्त शौचालयों सहित विद्यालय परिसर का जायजा लिया और ग्रामीणों को घटना से अवगत करवाया। ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा की जा रही गतिविधियों पर चिंता जताते हुए ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य संजय कुमावत ने अधीनस्थ कर्मचारियों को विद्यालय परिसर में उगी खरपतवार को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण बना रहे। ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
एक टिप्पणी भेजें