राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रतियोगिता का आयोजन
राष्ट्रीय खेल दिवस पर बावड़ी में हॉकी प्रतियोगिता, विजेता खिलाड़ियों का किया सम्मान
रींगस न्यूज ( बी एल सरोज ) हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर नेशनल हाईवे-52 स्थित शहीद दीपचंद वर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के हॉकी ग्राउंड पर हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने हॉकी का शॉट लगाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। आयोजन स्थल पर पहुंचे अतिथियों का आयोजकों की ओर से माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला जुगलपुरा एवं मेजर ध्यानचंद हॉकी क्लब बावड़ी के बीच हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों ने प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में छिपी हॉकी प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध करवाना तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को आयोजकों की ओर से नगद राशि एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य सुशीला कुमारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के पर्याप्त अवसर मिलें तो वे जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित अभ्यास करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, समाजसेवी हरि सिंह शेखावत सहित जिला हॉकी संगठन के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। इस मौके पर सरपंच पति बीरबल सिंह बाजिया, कैलाश बाजिया, जगन सिंह बाजिया, रामशरण जांगिड़, भामाशाह गोवर्धन अग्रवाल, फूलसिंह हरितवाल सहित विद्यालय स्टाफ, हॉकी खिलाड़ी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता से क्षेत्र में खेल भावना को बढ़ावा मिला। प्रतियोगिता के दौरान युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिला।
एक टिप्पणी भेजें