News Breaking
Live
wb_sunny

Breaking News

श्याम भक्तों को लेकर अहम् बैठक

श्याम भक्तों को लेकर अहम् बैठक

खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित
जिला कलेक्टर ने सेफ्टी ऑडिट, पार्किंग विकास, ड्रेनेज, पास सिस्टम एवं नो व्हीकल जोन सहित विभिन्न कार्यों के दिए निर्देश

सीकर, 21 जुलाई ( बी एल सरोज ) विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आधारभूत विकास कार्यों की समीक्षा के लिए मंगलवार को जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं श्री श्याम मंदिर कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ विकास परियोजनाओं, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के कनिष्ठ अभियंता को निर्देश दिए कि कस्बे में स्थित सभी विद्युत पोलों का भौतिक सत्यापन कर तीन दिवस में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए तथा जहां भी लापरवाही पाई जाए, वहां संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों की जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने पूरे खाटूश्यामजी कस्बे का व्यापक सेफ्टी ऑडिट कराने के भी निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने नगर पालिका खाटूश्यामजी के अधिशाषी अधिकारी सहदेव चारण को निर्देशित किया कि अधिशाषी अभियंता (विद्युत) के साथ संयुक्त रूप से पूरे कस्बे का सेफ्टी ऑडिट कराया जाए। साथ ही निर्देश दिए कि खाटूश्यामजी में संचालित अथवा प्रस्तावित सभी विकास कार्य प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग कमेटी की स्वीकृति के बाद ही प्रारंभ किए जाएं, ताकि हैरिटेज स्वरूप एवं विकास कार्यों में समन्वय बना रहे।

जिला कलेक्टर ने सांवलपुरा पार्किंग को विकसित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पार्किंग में फेंसिंग, प्रकाश व्यवस्था, आंतरिक सड़क, सीसीटीवी, गार्ड रूम तथा प्रवेश एवं निकास द्वार सहित लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्यों का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाए। इसके लिए उपखंड अधिकारी दांतारामगढ़ को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए गए।

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने श्री श्याम मंदिर कमेटी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि माइक के माध्यम से श्रद्धालुओं को नियमित आवश्यक सूचनाएं प्रसारित की जाएं तथा अलोदा तिराहा, लामिया तिराहा एवं खोया-पाया केंद्र के निकट क्यूआर कोड आधारित सूचना एवं सहायता प्रणाली स्थापित की जाए। साथ ही खाटूश्यामजी में क्यूआर कोड आधारित पास सिस्टम विकसित करने के लिए उपखंड अधिकारी को मंदिर कमेटी एवं नगर पालिका के साथ समन्वय कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि वीआईपी आगंतुकों की ऑनलाइन एंट्री का रिकॉर्ड रखा जाना चाहिए, जिसके लिए क्यूआर कोड स्कैनिंग आधारित प्रणाली विकसित की जाए।

बैठक में जिला कलेक्टर ने नगर पालिका क्षेत्र की 300 मीटर परिधि क्षेत्र में प्रतिदिन चार चरणों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने, सेवक गेट के पास कारपेट बिछाने तथा मंदिर में चढ़ाए जाने वाले फूलों के पुनः उपयोग के लिए राजीविका की स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हर्बल गुलाल एवं अन्य उत्पाद तैयार करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर कमेटी एवं राजीविका के बीच समन्वय स्थापित कर स्वयं सहायता समूहों को आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी कार्य करने को कहा ताकि औद्योगिक इकाई स्थापित हो सके।

जिला कलेक्टर ने अलोदा, डूकिया तथा अन्य संपर्क मार्गों के सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही खाटूश्यामजी में गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग को दस दिवस में ड्रेनेज डिज़ाइन तैयार कर नगर पालिका को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक तकमीना तैयार कर कार्य प्रारंभ किया जा सके।

जिला कलेक्टर मोदी ने नगर पालिका खाटूश्यामजी क्षेत्र में वेंडिंग जोन, नोन वेंडिंग जोन चिन्हित कर सूचना बोर्ड एवं साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त राजू की चैन, अस्पताल चौराहा, तोरण द्वार तक के क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित करने का पुलिस विभाग, नगर पालिका को प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए। बैठक में पुलिस विभाग द्वारा थाना मोड़ के अंदर जाने वाले मार्ग पर स्थित दो विद्युत पोलों को हटाने का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा, श्री श्याम मंदिर कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, मंदिर प्रबंधक संतोष शर्मा, अमृत खंडेलवाल, अशोक स्वामी, थाना प्रभारी खाटूश्यामजी इन्द्राज मरोड़िया, मुख्य आयोजना अधिकारी अंजली सैनी, सार्वजनिक निर्माण विभाग की अधिशाषी अभियंता अनिता, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता प्रवीण कुमार, खाटूश्यामजी वृत्त निरीक्षक राजेश जांगिड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।
...................

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.

एक टिप्पणी भेजें