पवन गैस एजेंसी की सफाई सैनिकों के लिए बड़ी पहल
रींगस में स्वच्छता पखवाड़े का समापन, स्वच्छता सैनिकों के पैर धोकर किया सम्मान
पवन गैस एजेंसी की पहल, पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सीकर ( बी एल सरोज ) 15.7.26 :- स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पवन गैस एजेंसी द्वारा आयोजित स्वच्छता पखवाड़े का समापन सम्मान समारोह के साथ किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता सैनिकों का पैर धोकर सम्मान किया गया तथा पौधारोपण कर हरित एवं स्वच्छ समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया। एजेंसी के प्रवक्ता मुकेश चोपड़ा ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़े के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर एजेंसी के निदेशक पवन शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले तो स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम में एजेंसी के पार्टनर मनीष यादव, मनोज मिश्रा, विजयपाल मुंड, महेश लाखनी सहित पूरी टीम ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा स्वच्छ एवं हरित रींगस बनाने का संकल्प लिया। समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ ली।
एक टिप्पणी भेजें