भैरू बाबा मंदिर कमेटी की मानवीय पहल..
करंट हादसे में मृतक मजदूर के परिजनों को भैरुजी मंदिर कमेटी ने दी 50 हजार की आर्थिक सहायता
एंकर :- ( बी एल सरोज ) 6 जुलाई 2026.. रींगस भैरुजी जोहड़ी के समीप हुए करंट हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर के परिजनों के प्रति श्री भैरुजी मंदिर कमेटी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। मंदिर कमेटी के पदाधिकारी सोमवार को राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के परिजनों को सहायता राशि सौंपी गई। मंदिर कमेटी अध्यक्ष सुवालाल गुर्जर के नेतृत्व में कोषाध्यक्ष फूलचंद गुर्जर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद गुर्जर, फूलचंद ने मृतक दुर्जन सिंह पुत्र द्वारका राम आदिवासी निवासी पापेट मध्यप्रदेश के भाई होतीराम एवं बुआ राधा देवी को 50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की। इस मानवीय पहल की शहरवासियों ने सराहना करते हुए इसे जरूरतमंद परिवार के प्रति सामाजिक दायित्व निभाने का उदाहरण बताया। गौरतलब है कि रविवार को भैरुजी जोहड़ी में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान लाइटिंग पोल स्थापित करते समय पोल 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया था, जिससे तीन मजदूर करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दुर्जन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मऊ निवासी प्रकाश सामोता एवं मध्यप्रदेश निवासी कांशीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। उल्लेखनीय है कि भैरुजी जोहड़ी के सौंदर्यीकरण का कार्य मैसर्स सृष्टि इंफ्रा इंजिनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया था। आरोप है कि कार्य के दौरान मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ।
एक टिप्पणी भेजें