News Breaking
Live
wb_sunny

Breaking News

मोहर्रम को लेकर कैसी है तैयारियां..

मोहर्रम को लेकर कैसी है तैयारियां..

*मोहर्रम को लेकर जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने ली जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक*
सीकर, 22 जून( बी एल सरोज ) :- सीकर जिले में त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की परंपरा रही है। इस परंपरा को कायम रखते हुए आगामी धार्मिक त्यौहारों एवं आयोजनों के दौरान आपसी सद्भाव, भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। यह बात जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कही।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी मिलकर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल जिला प्रशासन अथवा पुलिस को अवगत करवाएं। उन्होंने सभी से मिलजुलकर शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम आयोजित करने तथा परंपराओं का निर्वहन करने की अपील की।
जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मोहर्रम के ताजिया मार्ग का पूर्ण निरीक्षण कर बिजली के तार, केबल, पेड़ों की डालियां एवं अन्य अवरोध हटाने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक भावना भड़काने वाली सामग्री प्रसारित करने या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में लिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने गर्मी को देखते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस सहित मेडिकल टीम तैनात रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस विभाग को ताजिया मार्ग पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात कर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने नगर परिषद, विद्युत विभाग, एसीएम एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर ताजिया मार्ग का निरीक्षण करने और आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने मार्ग पर बिजली के तारों को व्यवस्थित करवाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, निराश्रित पशुओं की समस्या का समाधान करने, सड़कों के गड्ढे दुरुस्त करवाने, बैरिकेडिंग करवाने एवं अतिरिक्त मल्टी टास्किंग स्टाफ लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने मोचीवाड़ा से ईदगाह मार्ग पर अतिक्रमण से संबंधित मलबा हटाने, टूटी नालियों की मरम्मत करवाने, फतेहपुर रोड को दुरुस्त करवाने तथा ओवरफ्लो नालियों एवं सीवरेज लाइनों की आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत ने ताजिया मार्ग पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात रखने एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने फतेहपुर रोड स्थित सबलपुरा पावर हाउस के सामने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर परिषद को एवीवीएनएल कार्यालय परिसर में वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनाने की संभावना तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद एवं अधीक्षण अभियंता एवीवीएनएल को संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
इस दौरान सीकर विधायक राजेंद्र पारीक , निवर्तमान सभापति जीवण खां सहित शांति समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह, एडीएम सिटी भावना शर्मा, नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा, सीओ सिटी संदीप सिंह, आरपीएस राजेश ढाका, कोतवाली थानाधिकारी सुनील जांगिड़, राकेश कुमार लाटा, महेश शर्मा, इतिहासकार महावीर पुरोहित, सीकर व्यापार संघ अध्यक्ष महावीर चौधरी, साबिर बिसायती, पुरुषोत्तम शर्मा, सहित प्रशासन, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.

एक टिप्पणी भेजें