खाटूश्यामजी में आगामी निर्जला एकादशी को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड़ पर..
निर्जला एकादशी व मासिक मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, रींगस रोड तीन दिन रहेगा नो-व्हीकल जोन,
श्री श्याम मंदिर कमेटी की व्यवस्थाएं चाक चौबंद, मानवेंद्र सिंह
जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने श्याम दर्शन किए, श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने करवाईं पूजा अर्चना, श्याम दुपट्टा ओढ़ाकर किया स्वागत
खाटूश्यामजी न्यूज :- ( बी एल सरोज ) विश्व प्रसिद्ध खाटूधाम में बाबा श्याम के दो दिवसीय मासिक मेले एवं निर्जला एकादशी के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला कलेक्टर आशीष मोदी एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत व श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने खाटूधाम पुलिस थाना परिसर में अधिकारियों / कर्मचारियों की बैठक लेकर मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया गया तथा श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने कहा कि निर्जला एकादशी, द्वादशी तथा इसके बाद शनिवार और रविवार होने के कारण इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के आदेश दिए। वहीं श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने कमेटी द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को दी और कहा कि मंदिर कमटी की और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम तैयारी दी जा रही है जिसमें मंदिर परिसर की सजावट पेय जल व्यवस्था के साथ देश भर से आने वाले श्याम भक्तों को सुगम और सुरक्षित दर्शन करवाना प्रमुखता पर है। और प्रशासन के साथ मंदिर कमेटी कंधे से कंधा मिलाकर हर व्यवस्था में सहयोग कर रही है, जिला कलेक्टर ने विद्युत एवं चिकित्सा विभाग को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष कार्ययोजना लागू की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए रींगस से खाटूधाम तक तीन दिनों के लिए नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में होमगार्ड, पुलिस का भारी जाप्ता हर पाईन्ट पर तैनात रहेगा। श्याम भक्तों के वाहनों की पार्किंग की सम्पूर्ण व्यवस्था की गयी है।प्रशासन के अनुसार वाहनों की पार्किंग व्यवस्था 52 बीघा पार्किंग एवं सांवलपुरा रोड पार्किंग में की गई है। छोटे वाहन एनएच-52 से शाहपुरा ग्राम होते हुए 52 बीघा पार्किंग में पहुंचेंगे, जबकि बड़े वाहनों को एनएच-52 मार्ग से सांवलपुरा रोड स्थित पार्किंग में ठहराया जाएगा। सभी वाहनों की निकासी मंढ़ा मार्ग से एनएच-52 की ओर की जाएगी।बैठक में एडीएम भावना शर्मा, एसडीएम अमृता खंडेलवाल, तहसीलदार शैलजा शेखावत, थानाधिकारी पवन कुमार चौबे, विद्युत विभाग के एसी जोगेन्द्र सिंह, सहायक अभियंता राकेश महला, बीसीएमओ डॉ. नितेश कुमार शर्मा, पीएमओ डॉ. गोगराज सिंह निठारवाल, श्री श्याम मंदिर कमेटी के, व्यवस्थापक संतोष कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात मार्गों एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें ताकि मेले के दौरान दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे और सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक दर्शन का लाभ मिल सके।
एक टिप्पणी भेजें