राव राजा कल्याण सिंह हमारे आदर्श, दिया कुमारी
सीकर में राव राजा कल्याण सिंह की 140वीं जयंती धूमधाम से मनाई
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का किया आह्वान
उत्कृष्ट कार्यों के लिए अलंकरण प्रदान, सम्मान राशि सामाजिक सरोकारों के लिए ट्रस्ट को समर्पित
सीकर 20 जून :- ( बी एल सरोज) लोककल्याणकारी शासक राव राजा कल्याण सिंह की 140वीं जयंती के अवसर पर राजकुमार हरदयाल सिंह त्रिलोक्य राज्य लक्ष्मी देवी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं सर्व समाज के संयुक्त तत्वावधान में सालासर रोड स्थित गोविंदम मैरिज गार्डन में भव्य जयंती एवं अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों में राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर, धोद विधायक गोरधन वर्मा, फतेहपुर विधायक हाकम अली खान तथा पूर्व सांसद सुभाष महरिया उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राव राजा कल्याण सिंह का जीवन लोककल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सर्वसमाज की निस्वार्थ सेवा का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे महापुरुषों के आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की पहचान उनके कार्यों से होती है और यदि आज की युवा पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाजहित में कार्य करे तो व्यापक सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
वक्ताओं ने कहा कि राव राजा कल्याण सिंह ने शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया, जिसे सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महापुरुषों को केवल जयंती समारोहों तक सीमित रखने के बजाय उनके विचारों एवं कार्यों को व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
समारोह में शेखावाटी क्षेत्र की विकास संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि शेखावाटी वीरों की भूमि होने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है तथा पर्यटन की दृष्टि से भी अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है। राज्य सरकार द्वारा खाटूश्यामजी, जीण माता, शाकंभरी एवं सालासर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पर्यटन सुविधाओं के विस्तार तथा आधारभूत विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से शेखावाटी क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।
इस अवसर पर आयोजित अलंकरण समारोह में सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान तथा शहीद सैनिकों की प्रतिमाओं की स्थापना में विशेष भूमिका निभाने पर राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एवं भामाशाह प्रेम सिंह बाजोर को 'महाराज शेखाजी अलंकरण' से सम्मानित करते हुए एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ. घासीराम वर्मा को 'राव राजा कल्याण सिंह रत्न' सम्मान एवं 51 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।
समारोह के उपरांत प्रेम सिंह बाजोर एवं डॉ. घासीराम वर्मा ने अपनी सम्मान राशि सामाजिक सरोकारों एवं जनकल्याण के कार्यों में उपयोग किए जाने के उद्देश्य से चैरिटेबल ट्रस्ट को समर्पित कर दी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने राव राजा कल्याण सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर आशीष मोदी, पुलिस अधीक्षक सीकर प्रवीण नायक नूनावत सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें