वरिष्ठ नागरिक तीर्थ योजना....
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 के लिए लॉटरी प्रक्रिया सम्पन्न, 1413 यात्रियों का हुआ चयन
हनुमानगढ़, 23 जून। देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक मंगलवार को जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के लिए लॉटरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न कर चयन सूची जारी की गई।
सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग श्री ओमप्रकाश ने बताया कि इस वर्ष हनुमानगढ़ जिले से कुल 7,082 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 2,019 हवाई यात्रा तथा 5,063 रेल यात्रा के लिए आवेदन शामिल हैं। जिले को प्राप्त कोटे के अनुसार 154 हवाई यात्रा एवं 1,259 रेल यात्रा के लिए मुख्य सूची में यात्रियों का चयन किया गया। इसके अतिरिक्त हवाई एवं रेल यात्रा की प्रतीक्षा सूची तथा अपात्र एवं चयनित न हो सके आवेदकों की सूची भी जारी की गई।
लॉटरी प्रक्रिया के दौरान जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सिंह मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री ओमप्रकाश बिश्नोई, सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग श्री ओमप्रकाश, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि श्री पवन कुमार, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक श्री योगेन्द्र कुमार तथा एपीआरओ श्री राजपाल उपस्थित रहे।
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत चयनित यात्रियों को रेल मार्ग से भारत के 15 प्रमुख तीर्थ स्थलों की एसी ट्रेन के माध्यम से निःशुल्क यात्रा कराई जाएगी। वहीं हवाई यात्रा श्रेणी में चयनित यात्रियों को नेपाल स्थित पवित्र पशुपतिनाथ मंदिर (काठमांडू) की निःशुल्क यात्रा कराने का प्रावधान है।
एक टिप्पणी भेजें