यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने किया शिविर का निरीक्षण
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने सीकर नगर परिषद शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण, परिवादियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिये निर्देश
सीकर, 15 जून ( बी एल सरोज ) राज्य सरकार के निर्देशानुसार आमजन को स्थानीय स्तर पर त्वरित राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न नगरीय निकायों में शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सीकर नगर परिषद क्षेत्र में सोमवार को आयोजित शहरी सेवा शिविर का नगरीय विकास एवं स्वायत शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यूडीएच मंत्री खर्रा ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
यूडीएच मंत्री खर्रा ने शिविर में उपस्थित लाभार्थियों एवं आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे प्रशासनिक प्रक्रियाएं अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बन सकें।
यूडीएच मंत्री खर्रा ने शिविर की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को पूर्ण संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा आमजन से अधिकाधिक संख्या में इन शिविरों का लाभ लेने की अपील की।
यूआईटी सचिव जेपी गौड़ ने बताया कि सोमवार को आयोजित शिविर में 8 प्रकरण प्राप्त हुए एवं कृषि भूमि पर बसी स्वीकृत योजनाओं के अन्तर्गत 4 पट्टे जारी किये गये जिससे 10 लाख रूपये की आय प्राप्त हुई।
इस दौरान भाजपा उपाध्यक्ष नेमीचंद कुमावत, राजेश रोलन, तेजप्रकाश सैनी सहित नगर विकास न्यायस के अधिकारी कार्मिक उपस्थित रहें।
एक टिप्पणी भेजें