देव उठनी एकादशी पर खाटू में चाक चौबंद व्यवस्थाएं
*खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के पाटोत्सव मेले की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर ने ली अधिकारियों की बैठक*
*कार्तिक मेले में आतिशबाजी पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, फाल्गुनी मेले की तर्ज पर होंगी व्यवस्थाएं*
*प्रोटोकॉल को छोड़कर वीआईपी दर्शन व्यवस्था रहेगी बंद, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई*
सीकर, 18 नवम्बर (बी एल सरोज ) खाटूश्यामजी में 20 नवंबर को बाबा श्याम के पाटोत्सव एवं कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी के अवसर पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने व्यवस्थाएं तेज कर दी हैं। जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने मंगलवार को खाटूश्यामजी पुलिस कंट्रोल रूम में अधिकारियों की बैठक लेकर मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा, सफाई, विद्युत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर मोदी ने निर्देश दिए कि मेले की व्यवस्थाएं फाल्गुनी वार्षिक मेले की तर्ज पर सुनिश्चित की जाएं। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश एवं निकास मार्गों को व्यवस्थित रखा जाए तथा दर्शन व्यवस्था को इस प्रकार सुदृढ़ बनाया जाए कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन हो सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन कर आतिशबाजी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रोटोकॉल के तहत निर्धारित व्यवस्था को छोड़कर वीआईपी दर्शन व्यवस्था बंद रहेगी, ताकि आम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
उन्होंने चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि उप जिला अस्पताल में कम से कम चार चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ 24 घंटे उपलब्ध रहें तथा चिकित्सकों के मोबाइल फोन अलर्ट मोड पर रहें। इसके साथ ही मेले के पांच प्रमुख स्थानों पर मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएं। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एंबुलेंस, दमकल वाहन एवं आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिला कलेक्टर ने स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मोबाइल टॉयलेट सहित 20 से 25 स्थानों पर शौचालयों की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रखने तथा इनके संचालन के लिए पर्याप्त स्टाफ नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होटल, गेस्ट हाउस एवं धर्मशालाओं में भी श्रद्धालुओं के लिए शौचालय की सुविधा उपलब्ध करवाना अनिवार्य होगा। किसी भी श्रद्धालु को शौचालय सुविधा उपलब्ध करवाने से मना करने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत सुरक्षा के संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि मेले के दौरान कहीं भी बिजली के तार झूलते हुए नहीं मिलने चाहिए। श्री श्याम मंदिर कमेटी, नगरपालिका एवं विद्युत विभाग संयुक्त रूप से विद्युत ऑडिट करवाकर सभी व्यवस्थाओं को सुरक्षित बनाएं। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, पर्याप्त पुलिस जाब्ता, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं दमकल की गाड़ियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने नगरपालिका अधिकारियों को अस्थाई अतिक्रमण हटाने, निर्धारित स्थान पर सेल्फी पॉइंट विकसित करने तथा दर्शन मार्ग के निकास रास्ते में बने निर्माणाधीन गड्ढे को तत्काल भरवाने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि मेले के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात कर सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करें। प्रवेश एवं निकास मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए।
बैठक के पश्चात जिला कलेक्टर आशीष मोदी एवं जिला पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने दर्शन मार्ग एवं मंदिर परिसर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उपखंड अधिकारी दातारामगढ़ अमृता खंडेलवाल, डिप्टी एसपी श्रेष्ठ दीक्षित, तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार कुमावत, नगरपालिका ईओ डॉ. सहदेव दान चारण, जेईएन पूर्णमल कुमावत, विद्युत विभाग के एक्सईएन जोगेन्दर कुमावत, एईएन राकेश कुमार महला, श्री श्याम मंदिर कमेटी के व्यवस्थापक संतोष कुमार शर्मा, सेवक परिवार से नरेंद्र सिंह चौहान, नगर परिषद से एईएन प्रवीण कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें