गणेश चतुर्थी कल, सिंजारो पर गणेश जी को लगाई मेहंदी
रींगस में गणेश चतुर्थी की धूम, प्राचीन मठ मंदिर में मनाया गणपति का सिंजारा पर्व,
उज्जैन से आए पंडितों ने भगवान गणेश के हाथों में लगाई मेहंदी, सुहागिन महिलाओं ने लिया मेहंदी का प्रसाद | 14 सितंबर को होगा गणेश महोत्सव, मेले में सजेगी देवी-देवताओं की सजीव झांकियां
रींगस न्यूज :- ( बी एल सरोज ) सीकर जिले के रींगस में गणेश चतुर्थी के पर्व को लेकर शहर में धार्मिक आयोजनों का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में रींगस के प्राचीन मठ मंदिर में गणपति महाराज का सिंजारा पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान मंदिर परिसर गणपति महाराज के जयकारों से गूंज उठा। मठ मंदिर में आयोजित सिंजारा पर्व के दौरान विशेष रूप से उज्जैन से आए पंडितों ने भगवान गणेश के हाथों में मेहंदी लगाकर पारंपरिक धार्मिक रस्म निभाई। इसके बाद शहर की सुहागिन महिलाओं ने भगवान गणेश को अर्पित की गई मेहंदी का प्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं ने गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक आयोजन मठ मंदिर के महंत आनंदपुरी महाराज के सानिध्य में हुआ। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। गणेश चतुर्थी के अवसर पर मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गणेश मेला महोत्सव समिति के अध्यक्ष रणवीर सिंह झाला ने बताया कि दो दिवसीय धार्मिक आयोजन के तहत 14 सितंबर को गणेश महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में विशाल मेले का आयोजन होगा। मेले में देवी-देवताओं की सजीव झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
एक टिप्पणी भेजें