एन एच आई की लापरवाही आमजन पर भारी..!
लोकेशन, रींगस, सीकर
रिपोर्ट, बी एल सरोज
9413070728
रींगस में एनएचएआई की लापरवाही से बढ़ी परेशानी: तीन माह से नहीं हटाया मलबा, श्याम भक्त और व्यापारी परेशान
एंकर
सीकर जिले के रींगस में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 52 पर स्थित मिल तिराहे पर एनएचएआई की लापरवाही आमजन और खाटूश्यामजी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। करीब तीन माह पहले अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद सड़क किनारे डाला गया मलबा आज तक नहीं हटाया गया। इससे सड़क संकरी हो गई है और यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। सबसे अधिक परेशानी सप्ताहांत और विशेष अवसरों पर खाटूश्यामजी दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को उठानी पड़ रही है। मिल तिराहे पर मलबा पड़े रहने से वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और आए दिन लंबा जाम लग जाता है। जाम में फंसने से स्थानीय लोगों, व्यापारियों, यात्रियों और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, उपखंड अधिकारी की ओर से भी मलबा हटाने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन एनएचएआई अधिकारियों ने अब तक इस दिशा में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सड़क पर मलबा पड़े रहने से ग्राहक बाजार तक आसानी से नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। वहीं राहगीरों का कहना है कि मलबे के कारण वाहन चालकों को अचानक कट लेकर निकलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले तीन महीनों में इसी स्थान पर करीब आधा दर्जन सड़क हादसे हो चुके हैं। गनीमत रही कि अधिकांश हादसों में जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई लोग घायल हुए और वाहनों को नुकसान पहुंचा है।
एक टिप्पणी भेजें