कोटा दौरे पर ऊर्जा मंत्री आए एक्शन मोड़ में
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का देवली कनवास क्षेत्र में तूफानी दौरा: विकास कार्यों का लिया जायजा, आज बूंदी और कोटा-बारां में रहेंगे सक्रिय
पर्यावरण संरक्षण के साथ हुई दौरे की शुरुआत, ग्रामीणों के अभाव-अभियोग सुने
कोटा, 20 जून ( बी एल सरोज )
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर शनिवार को देवली कनवास क्षेत्र के सघन दौरे पर रहे। इस दौरान दरा स्थित किशोर सागर तालाब और लव कुश वाटिका का अवलोकन किया। पर्यावरण संरक्षण और हरितिमा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्होंने वाटिका परिसर में पौधरोपण किया। इस अवसर पर मंत्री नागर ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने हर नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने वाटिका में ही आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए। पूरे दौरे के दौरान मंत्री के साथ जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं, उप प्रधान ओम नागर अडूसा, भाजपा जिला महामंत्री विशाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष सत्यवान नागर, विजय शंकर सैनी, जिला उपाध्यक्ष कौशल सोनी, एसटी मोर्चा अध्यक्ष धनराज मीणा और एससी मोर्चा के राम अवतार मेघवाल सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। इससे पहले कोटा में निजी आवास पर जनसुनवाई की।
*कनवास में 'चाय पर चर्चा' और मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जनसंवाद*
केन्द्र की मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष राष्ट्रव्यापी जनसंपर्क अभियान के तहत ऊर्जा मंत्री ने कनवास क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं के साथ 'चाय पर चर्चा' की। उन्होंने उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसी युगांतरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विकास का लाभ अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुँच रहा है। इसके बाद आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों ने बिजली, पानी और सड़क जैसी समस्याएं रखीं, जिस पर मंत्री नागर ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश दिए।
*घटिया उखड़ी सड़क पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए निर्माण के निर्देश*
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने देवली क्षेत्र में जल संसाधन और सार्वजनिक निर्माण विभाग के विकास कार्यों का धरातलीय निरीक्षण किया। पीसाहेड़ा, खेरली कंदाफल और ढोटी में सड़क निर्माण के दौरान उखड़े हुए डामर को देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि गारंटी अवधि वाली सड़कों का ठेकेदार से तुरंत पुनर्निर्माण कराया जाए। उन्होंने मानसून से पहले नालियों की सफाई व ढंकने के निर्देश दिए ताकि जलभराव न हो। इसके बाद खेरली कंदाफल गांव में 'ग्राम चौपाल' लगाकर जनसमस्याएं सुनीं और क्षेत्र के शोक संतप्त परिवारों से मिलकर ढांढस बंधाया।
*आज बूंदी और कोटा-बारां का दौरा: योग दिवस और निरीक्षण कार्यक्रमों में होंगे शामिल*
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर रविवार को बूंदी और कोटा-बारां जिलों के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। वे सुबह बूंदी में आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर योगाभ्यास करेंगे। इसके बाद दोपहर में वे दीगोद क्षेत्र में खेतों के रास्तों का निरीक्षण कर राजस्व अधिकारियों को दिशा-निर्देश देंगे। शाम को बपावर में मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर 'चाय पर चर्चा' कार्यक्रम में ग्रामीणों से संवाद करेंगे और अटरू में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद सांगोद में रात्रि विश्राम करेंगे।
एक टिप्पणी भेजें